कठुआ। उपायुक्त राजेश शर्मा की ओर से समग्र कृषि विकास कार्यक्रम (एचएडीपी) की प्रगति की समीक्षा की गई। सोमवार को जिला कार्यालय में आयोजित समीक्षा बैठक में उपायुक्त ने अधिकारियों को जिले में अधिक से अधिक किसानों, युवाओं और कृषि उद्यमियों को एचएडीपी के तहत पंजीकृत करने के लिए जागरूकता अभियान तेज करने के निर्देश दिए।
उन्होंने अधिकारियों को योजना के तहत निर्धारित लक्ष्य को शतप्रतिशत हासिल करने को कहा। उपायुक्त ने संभावित लाभार्थियों को संरचित प्रशिक्षण प्रदान करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों, जलवायु अनुकूल व उच्च मूल्य वाली फसलों, प्रिसिजन फार्मिंग, संरक्षित खेती की विस्तार से जानकारी दी जाए, ताकि उनकी आय और स्थायी बन सके। उन्होंने किसान साथी पोर्टल पर प्राप्त आवेदनों की सुव्यवस्थित ट्रैकिंग सुनिश्चित करने, मामलों के समयबद्ध निस्तारण तथा पात्र लाभार्थियों को ऋण स्वीकृति में तेजी लाने के लिए बैंकों के साथ बेहतर समन्वय बनाने के निर्देश भी दिए। बैठक में मुख्य योजना अधिकारी रंजीत ठाकुर, मुख्य कृषि अधिकारी, मुख्य बागवानी अधिकारी, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी, जिला सांख्यिकी अधिकारी, सहकारिता विभाग के उप-पंजीयक सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और बैंकिंग संस्थानों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। उपायुक्त ने अधिकारियों से अपेक्षा की कि एचएडीपी के माध्यम से जिले में कृषि क्षेत्र को आधुनिक, लाभकारी और आत्मनिर्भर बनाने के प्रयासों को और गति दी जाए।