कठुआ। राजकीय डिग्री कॉलेज बसोहली के एनएसएस स्वयंसेवकों ने सात दिवसीय शीतकालीन शिविर के तहत स्कूली बच्चों को स्टेशनरी सामग्री वितरित की। इसके अलावा स्वयंसेवकों ने बसोहली बस स्टैंड स्थित एक नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर नशा मुक्त समाज बनाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत प्राइमरी स्कूल बारला चौगान पलाई के भ्रमण से हुई। इसमें स्वयंसेवकों ने स्कूल के विद्यार्थियों और शिक्षकों से संवाद स्थापित किया। इस दौरान सामाजिक जिम्मेदारी, स्वास्थ्य व स्वच्छता तथा राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका पर जागरूकता फैलाई। स्वयंसेवकों ने स्कूली बच्चों को स्टेशनरी सामग्री वितरित की और उन्हें सकारात्मक मूल्यों को अपनाने, सामाजिक बुराइयों से दूर रहने तथा विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय योगदान देने के लिए प्रेरित किया।
इसके बाद स्वयंसेवकों ने बस अड्डा बसोहली में एक प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया। नाटक का विषय नशा मुक्ति, सामाजिक जागरूकता और सामूहिक जिम्मेदारी रहा। सशक्त संवाद और यथार्थपरक अभिनय के माध्यम से स्वयंसेवकों ने मादक पदार्थों के दुष्प्रभावों को उजागर करते हुए नशा मुक्त भारत बनाने का संकल्प लिया।