शहर के वार्ड-1 में नालियां जाम होने के कारण गंदा पानी सड़क के बीचोंबीच बह रहा है। इससे स्थानीय
कठुआ। शहर के वार्ड-1 में नालियां जाम होने के कारण गंदा पानी सड़क के बीचोबीच बह रहा है। इससे स्थानीय लोग परेशान हैं लेकिन नगर परिषद है कि समस्या का समाधान करने के बजाय नदारद दिखाई दे रहा है। स्थिति यह है कि राहगीरों और वाहन चालकों को गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है।
स्थानीय यशपाल, राजीव आनंद, शामलाल और सतपाल ने बताया कि नगर परिषद ने वार्ड की लंबे समय से सफाई नहीं करवाई है। इसके चलते ज्यादातर नालियों में गंदगी और कचरा जमा हो गई है। स्थानीय लोग नालियों में गिरे पॉलीथीन को बाहर निकाल देते है लेकिन घरों के आगे बनी छोटी-छोटी पुलियों के नीचे कचरा और गंदगी के जमा होने से पानी की निकासी बाधित हो रही है। पानी की आपूर्ति होने पर घरों से निकलने वाला पानी नालियों में जाने के बजाय सड़क के बीचोबीच बहने लगता है। इससे लोगों की परेशानियां बढ़ जाती हैं। नालियों की साफ सफाई जल्द नहीं हुई तो गंदे पानी से बीमारियां फैलने का खतरा बढ़ जाएगा। कई बार संबंधित विभाग को शिकायत दी गई लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। इससे स्थानीय लोगों में रोष है। उन्होंने जिला प्रशासन से मामले का संज्ञान लेकर तत्काल नालियों की सफाई करवाने की मांग की है।