कठुआ। समाज कल्याण विभाग की तरफ से कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय बसोहली में एक जागरूकता एवं सामग्री वितरित कार्यक्रम का आयोजन किया गया। शनिवार को बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना के तहत छात्राओं को स्कूल बैग, कॉपियां, टिफिन बॉक्स और पानी की बोतलें वितरित की गईं। कार्यक्रम की अध्यक्षता उपायुक्त राजेश शर्मा ने की।
इस मौके पर अतिरिक्त उपायुक्त बसोहली पंकज भगोत्रा, जिला समाज कल्याण अधिकारी वरुण चौधरी, सीडीपीओ बसोहली, तहसीलदार बसोहली, विद्यालय के प्रभारी प्रधानाचार्य के अलावा अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे। इस दौरान विद्यालय की छात्राओं द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां पेश की गईं। आठवीं की छात्रा निहारिका ने कविता पाठ के माध्यम से बालिकाओं को बचाने और उन्हें शिक्षित करने का संदेश दिया। इसके अलावा छात्राओं द्वारा प्रस्तुत पारंपरिक डोगरी नृत्य को उपस्थित जनसमूह ने खूब सराहा। छात्राओं से संवाद करते हुए उपायुक्त ने शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि शिक्षा ही आत्मनिर्भर, आत्मविश्वासी और सक्षम समाज की नींव है। उन्होंने छात्राओं से बड़े सपने देखने, अपने लक्ष्य पर केंद्रित रहने और सरकार द्वारा उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का भरपूर लाभ उठाने का आह्वान किया।