कठुआ। राजकीय डिग्री कॉलेज मढ़ीन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की परीक्षा पर चर्चा ऑनलाइन कार्यक्रम को सामूहिक रूप से सुना। शुक्रवार को आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों के अलावा शिक्षक भी मौजूद रहे। इस दौरान विद्यार्थियों ने प्रधानमंत्री के तनावमुक्त होकर परीक्षा की तैयारी करने के मंत्र को ध्यान से सुना। सत्र के दौरान विद्यार्थियों को सकारात्मक सोच, आत्मविश्वास, समय प्रबंधन, अनुशासन एवं परीक्षा के दौरान तनाव से निपटने के प्रभावी उपायों के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिली। कार्यक्रम के उपरांत कॉलेज प्रधानाचार्य ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री द्वारा दिए गए सुझावों का पालन करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कॉलेज के स्टाफ से भी अपील की कि वे विद्यार्थियों का विशेष ध्यान रखें और उनका परीक्षाओं को लेकर उचित मार्गदर्शन करें।