कठुआ। शहर और उसके आसपास इलाके में दो अलग-अलग सड़क हादसों में एक बालक सहित तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए जीएमसी कठुआ में भर्ती करवाया गया है जहां उनका इलाज जारी है। पहला मामला सोमवार सुबह 11 बजे के करीब बरनोटी इलाके का है। इसमें एक मोटरसाइकिल सवार युवक ने राहगीर को टक्कर मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। मोटरसाइकिल चालक खुद भी दुर्घटना में घायल हो गया। मोटरसाइकिल चालक की पहचान फरमान अली पत्र शाह दीन निवासी बरनोटी के रूप में हुई है इसके सिर और पैर में गंभीर चोटें आई है। वहीं, राहगीर की आयु 35 से 40 साल के बीच बताई जा रही है लेकिन उसकी पहचान नहीं हो पाई है। अन्य मामला सोमवार शाम औद्योगिक क्षेत्र सीटीएम के बाहर का है। इसमें एक अज्ञात तेज रफ्तार मोटरसाइकिल की चपेट में आने से आठ साल का बालक गंभीर रूप से घायल हो गया। बालक के बायां पैर फ्रैक्चर और अंदरूनी चोट बताई जा रही है लेकिन इसकी अब तक पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। संवाद