कठुआ। शहर से सटे जंगलोट गांव के मैदान में जंगलोट प्रीमियर लीग नाइट क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन जारी है। बुधवार रात को तीन मुकाबले खेले गए। इसमें बड़तलाई इलेवन, कार्डिया इलेवन और सावन चक इलेवन ने शानदार जीत दर्ज की है। प्रतियोगिता के मैचों को देखने के लिए बड़ी संख्या में क्रिकेट प्रेमी मैदान पर उमड़ रहे हैं।
पहला मुकाबला बड़तलाई इलेवन और देशी डायनामाइट के बीच खेला गया। इसमें देसी डायनामाइट ने टॉस हार कर पहले बल्लेबाजी करते हुए 85 रन बनाए। 86 रन की पीछा करने उतरी बड़तलाई इलेवन की टीम ने सात विकेट के नुकसान पर आठ ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया। जिसके बाद बड़तलाई ने तीन विकेट से जीत अपने नाम कर ली।
दूसरा मुकाबला कार्डिया इलेवन और कन्याड़ी इलेवन के बीच खेला गया। इसमें कन्याड़ी इलेवन ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 10 ओवर में 72 रन का स्कोर खड़ा किया। 73 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी कार्डिया इलेवन की टीम ने पांच विकेट से दो ओवर शेष रहते ही मैच अपने नाम कर लिया।
वहीं, तीसरा मुकाबला सावन चक इलेवन और सुशील इलेवन के बीच खेला गया। सुशील इलेवन ने टॉस जीतकर सावन चक इलेवन टीम को पहले बल्लेबाजी करने का मौका दिया। इसमें सावन चक की टीम ने निर्धारित ओवर में 91 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। 92 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी सुशील इलेवन की टीम 65 रन बना कर ही ऑल आउट हो गई। इसके बाद सावन चक इलेवन की टीम ने 26 रन से शानदार जीत दर्ज की।