कठुआ। पंजाब से सटी दो पंचायतों के लोगों ने खस्ताहाल सड़क को लेकर दो घंटे यातायात को बंद रखा। सोमवार को बड़ी संख्या में स्थानीय महिलाओं ने जिला प्रशासन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन कर अपना रोष व्यक्त किया। स्थानीय लोगों की मांग है कि कीड़ियां गंडियाल से सुंदर चक तक खस्ताहाल सड़क का जल्द से जल्द निर्माण करवाया जाए, अन्यथा उनका धरना प्रदर्शन इसी तरह से आने वाले दिनों में भी जारी रहेगा।
प्रदर्शनकारियों में शामिल प्रियंका देवी ने बताया कि बीते 19 मई को भी स्थानीय लोगों ने खस्ताहाल सड़क की मरम्मत को लेकर प्रदर्शन किया था। तब जिला प्रशासन की ओर से पहुंचे अधिकारियों ने आश्वासन दिया था कि जल्द ही सड़क का मरम्मत कार्य करवाकर गड्ढों को भरा जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि जिला प्रशासन ने मरम्मत कार्य के नाम पर सिर्फ गड्ढों को बजरी और मिट्टी से भर दिया। इसके परिणामस्वरूप आज पूरी सड़क पर न तो गड्ढे भरे गए हैं उलटा सड़क पर बजरी बिखरी पड़ी है। इससे साइकिल से स्कूल जाने वाले विद्यार्थियों और मोटरसाइकिल चलाने वालों के लिए खतरा बना हुआ है।
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि सड़क की खस्ताहालत दिल्ली-कटड़ा-अमृतसर एक्सप्रेस वे के निर्माण में लगे डंपरों की कारण हुई है। लिहाजा जिला प्रशासन को जल्द से जल्द इसका निर्माण करना चाहिए, ताकि स्थानीय लोगों को राहत मिल सके।
पूर्व सरपंच राजेश कुमार शर्मा ने बताया कि वर्ष 1972 में कीड़िया गंडियाल से सुंदर चक तक सड़क निर्माण करवाया गया था। उसके बाद प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत इसका मरम्मत कार्य करवा कर बेहतर बनाया गया था, लेकिन एक्सप्रेस वे के निर्माण के चलते पिछले दो सालों से सड़क की हालत खस्ता हो गई है। उन्होंने कहा कि सड़क के खस्ताहाल होने से आए दिन सड़क दुर्घटनाओं में इजाफा हो रहा है। प्रदर्शनकारियों में शामिल संजीव शर्मा, अंकुश शर्मा, शुभम शर्मा और दर्जनों औरतें भी शामिल रहीं।