कठुआ। जिले में पिछले चौबीस घंटों में अगल-अलग सड़क हादसों में एक युवक सहित तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का उपचार राजकीय मेडिकल कॉलेज में जारी है। वहीं, पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पहला हादसा बीते सोमवार की देर रात शहर के हटली मोड़ इलाके का है। इसमें मोटरसाइकिल सवार 20 वर्षीय युवक किसी तेज रफ्तार वाहन की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने घायल को उपचार के लिए जीएमसी कठुआ पहुंचाया। यहां उसका इलाज जारी है। घायल की पहचान जतिन शर्मा पुत्र कमल कुमार निवासी अखनूर जम्मू के रूप में हुई है।
दूसरा मामला मंगलवार की दोपहर बाद नगरी इलाके का है। इसमें 55 वर्षीय राज पाल पुत्र प्रकाश चंद निवासी वार्ड 8 कठुआ अनियंत्रित मोटरसाइकिल से गिरने से गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने पुलिस की मदद से घायल व्यक्ति को उपचार के लिए उपजिला अस्पताल नगरी पहुंचाया। डॉक्टरों ने घायल की गंभीर हालत को देखते हुए उसे प्राथमिक उपचार देने के बाद बेहतर इलाज के लिए जीएमसी रेफर कर दिया गया।
वहीं, अन्य मामला मंगलवार देर शाम शहर से सटे लोगेट मोड़ का है। इसमें 65 वर्षीय राहगीर महिला बिमला देवी पत्नी जोगिंद्र लाल निवासी शेर कोटला को एक मोटरसाइकल सवार ने टक्कर मारकर घायल कर दिया और मौके से फरार हो गया। फिलहाल घायलों की हालत स्थिर बताई जा रही है।