कठुआ। जसरोटा विधानसभा में पलाल से बगोरा तक सड़क निर्माण कार्य शुरू हो गए हैं। चार किलोमीटर लंबी सड़क बनने से लगभग 20 हजार की आबादी को सुविधा मिलेगी। इसके बनने में 97 लाख रुपये की राशि खर्च की जाएगी।
सोमवार को सड़क निर्माण कार्य का नींव पत्थर जसरोटा से विधायक राजीव जसरोटिया की ओर से रखा गया। कहा कि इस सड़क निर्माण से न केवल पलाल, बगोरा, कन्यारी गांव को बेहतर सड़क सुविधा मिलेगी, बल्कि इससे पंचायत जखोल के अन्य गांव से भी सीधा संपर्क स्थापित होगा। उन्होंने कहा कि भाजपा ने हमेशा ग्रामीण विकास को प्राथमिकता दी है। स्थानीय लोगों की लंबे समय से मांग थी कि इस सड़क का निर्माण कार्य करवाया जाए, जो आज पूरा हो गया है। जसरोटिया ने कहा कि इस सड़क निर्माण से स्थानीय लोगों का गंतव्य तक पहुंचने के लिए समय कम होगा, बल्कि इससे ईंधन की खपत और वाहन रखरखाव की लागत में भी कमी आएगी। इस मौके पर भाजपा मंडल अध्यक्ष बलवंत सिंह, पूर्व सरपंच शिवदेव सिंह, रणदीप सिंह पप्पी, विनोद कुमार, विजय सिंह, जलील अहमद, विमला देवी आदि उपस्थित रहे।