कठुआ। नगर परिषद की ओर से शहीदी स्मारक के नवीनीकरण को लेकर की गई तोड़फोड़ को लेकर चौधरी लाल सिंह के समर्थकों का धरना प्रदर्शन दूसरे दिन भी जारी रहा। प्रदर्शनकारियों लगातार मांग कर रहे हैं कि पहले शहीदी स्मारक की मरम्मत करवाई जाए, क्योंकि इसके साथ शहीद परिवारों की भावनाएं जुड़ी हुई हैं। जब तक इसकी मरम्मत नहीं होती, तब तक धरना प्रदर्शन जारी रहेगा।
शहीदी चौक पर स्थित शहीदी स्मारक के पास धरने की अध्यक्षता पूर्व पार्षद जतिंद्र सिंह पप्पू ने की। उन्होंने कहा कि यह धरना शहीद परिवार ट्रस्ट के बैनर तले दिया जा रहा है। उनकी मांग है कि पहले स्मारक में हुई तोड़फोड़ की मरम्मत हो। उसके बाद इसका नवीनीकरण किया जाएगा कि नहीं, इसे लेकर परिषद से बातचीत की जाएगी। परिषद ने जानबूझ कर स्मारक में तोड़फोड़ की है। जो शहीद परिवारों को मंजूर नहीं है। शहीद परिवारों ने पाई-पाई इकट्ठा कर शहीदों की याद में इस स्मारक का निर्माण किया था। पप्पू ने कहा कि अगर परिषद ने इसका निर्माण करना ही था तो इससे पहले ट्रस्ट के लोगों से बातचीत करनी चाहिए थी। एक तरफ निर्णय से न केवल शहीदों का बल्कि शहीद परिवारों का भी अपमान किया गया है।