बिलावर। उपमंडल के धार डूगनु गांव में बुधवार को आयोजित वार्षिक दंगल प्रतियोगिता में जम्मू-कश्मीर सहित कई पड़ोसी राज्यों के पहलवानों ने अपने दांव-पेंच और दमखम का शानदार प्रदर्शन किया। दिनभर चले इस दंगल में कुल 165 रोमांचक मुकाबले आयोजित किए गए, जिन्हें देखने के लिए दूर-दराज के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में कुश्ती प्रेमी पहुंचे।
दंगल का मुख्य आकर्षण रही बड़ी माली के मुकाबले में बिलावर के फिजा पहलवान ने उधमपुर के अली पहलवान को कड़े संघर्ष के बाद पराजित कर खिताब पर कब्जा जमाया। वहीं, छोटी माली के फाइनल मुकाबले में जम्मू के मुनीर पहलवान ने कठुआ के साहिल पहलवान को पटखनी देकर शानदार जीत दर्ज की। दोनों ही मुकाबलों के दौरान अखाड़े के चारों ओर मौजूद दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से पहलवानों का भरपूर उत्साहवर्धन किया।
प्रतियोगिता के समापन पर दंगल आयोजन समिति की ओर से विजेता और उपविजेता पहलवानों को नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। बड़ी माली के विजेता व उपविजेता पहलवानों को 51 हजार रुपये और छोटी माली के पहलवानों को 31 हजार रुपये की नकद राशि प्रदान की गई। इसके अलावा अखाड़े में मल युद्ध का उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले अन्य सभी पहलवानों को भी प्रोत्साहन राशि दी गई। दंगल स्थल के समीप लगे पारंपरिक मेले में भी ग्रामीणों की भारी भीड़ उमड़ी, जहां लोगों ने विभिन्न स्टॉलों से जमकर खरीदारी की। आयोजन के अंत में दंगल कमेटी के सदस्यों ने शांतिपूर्ण व सफल आयोजन के लिए क्षेत्रवासियों और दर्शकों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर पूर्व सरपंच कुलदीप कुमार शर्मा, हंसराज, बिशन दास, वेद प्रकाश शास्त्री सहित कमेटी के कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।