संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। हीरानगर पुलिस ने सोमवार शाम नशा मुक्त अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए एक कुख्यात नशा तस्कर की संपत्ति को अटैच किया। एसडीपीओ बॉर्डर और थाना प्रभारी हीरानगर के नेतृत्व में, नायब तहसीलदार कूटा की मौजूदगी में छप्पड़ मोड़ स्थित दुकानों और ढाबे पर अटैचमेंट नोटिस चस्पा किया गया। पुलिस के अनुसार 1.25 करोड़ रुपये कीमत की सुदेश मेहता उर्फ फत्ती पुत्र प्रकाश चंद निवासी छप्पड़ तहसील हीरानगर जिला कठुआ की संपत्ति पर नोटिस चस्पा किया गया है। यह कार्रवाई एनडीपीएस एक्ट के तहत की गई। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ पहले से दो मामले दर्ज हैं। इसके अलावा आरोपी को वर्ष 2023 को डिविजनल कमिश्नर के आदेश के तहत पीएसए में भी जेल भेजा गया था।