पिछले कुछ समय में साइकिलों की बिक्री में 25 प्रतिशत तक बढ़ोतरी दर्ज
आधुनिक सुविधाओं से लैस महंगी साइकिलों को प्राथमिकता दे रहे लोग
संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। कभी आम लोगों के दैनिक आवागमन का प्रमुख साधन रही साइकिल अब शहर में जरूरत से ज्यादा शौक और फिटनेस का प्रतीक बनती जा रही है। बदलती जीवनशैली और आधुनिक तकनीक के प्रभाव से कठुआ शहर में साइकिल बाजार एक बार फिर रफ्तार पकड़ने लगा है। कारोबारियों के अनुसार पिछले कुछ समय में साइकिलों की बिक्री में करीब 25 प्रतिशत तक बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
बाजार में सबसे बड़ा बदलाव ग्राहकों की पसंद में देखने को मिल रहा है। पहले जहां साधारण और कम कीमत वाली साइकिलों की मांग अधिक रहती थी। वहीं अब लोग आधुनिक सुविधाओं से लैस महंगी साइकिलों को प्राथमिकता दे रहे हैं। युवाओं और फिटनेस प्रेमियों के बीच गियर वाली स्पोर्ट्स साइकिलों का क्रेज लगातार बढ़ रहा है। बाजार में उपलब्ध नई साइकिलों में 7 से 14 गियर, डिस्क ब्रेक, एल्युमीनियम फ्रेम और हल्के वजन जैसी सुविधाएं ग्राहकों को आकर्षित कर रही हैं।
दुकानदारों के अनुसार आधुनिक साइकिलों की सबसे बड़ी खासियत उनकी बेहतर स्पीड और हल्का वजन है। इससे उन्हें चलाना आसान और आरामदायक हो जाता है। हालांकि इन सुविधाओं के लिए ग्राहकों को अधिक कीमत चुकानी पड़ रही है। शहर में उपलब्ध ब्रांडेड मॉडलों की कीमत 12 हजार रुपये से लेकर 30 हजार रुपये तक पहुंच रही है लेकिन इसके बावजूद लोग खरीदारी में रुचि दिखा रहे हैं।
बच्चों की साइकिलों का कारोबार भी पकड़ रहा रफ्तार
शहर में बदलते साइकिल बाजार के बीच बच्चों की साइकिलों की मांग भी तेजी से बढ़ रही है। मौजूदा समय में बच्चों के लिए खरीदी जाने वाली साइकिलें बिक्री का बड़ा हिस्सा बन चुकी हैं। अभिभावक अब छोटी उम्र से ही बच्चों को साइकिल चलाने के लिए प्रोत्साहित कर रहे हैं। इसके चलते लगभग हर परिवार बच्चों के लिए अलग से साइकिल खरीद रहा है। बाजार में बच्चों के लिए रंग-बिरंगे डिजाइन, कार्टून थीम और सुरक्षा फीचर्स वाली साइकिलें उपलब्ध हैं जो बच्चों और अभिभावकों दोनों को आकर्षित कर रही हैं। गर्मी की छुट्टियों और स्कूलों की छुट्टियों के दौरान बच्चों की साइकिलों की बिक्री में और अधिक बढ़ोतरी देखने को मिलती है।
ई-साइकिल की ओर भी बढ़ रहा रुझान
पेट्रोल की लगातार बढ़ती कीमतों का असर अब साइकिल बाजार पर भी दिखाई देने लगा है। शहर में बैटरी से चलने वाली ई-साइकिलों की मांग धीरे-धीरे बढ़ रही है। अधिकतम 25 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार देने वाली इन साइकिलों में अलग-अलग साइकिलिंग मोड, हेडलैंप, हॉर्न और डिस्क ब्रेक जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं। 25 से 35 हजार रुपये तक की कीमत वाली इन ई-साइकिलों को लोग छोटे दूरी के आवागमन के बेहतर विकल्प के रूप में देख रहे हैं।
वर्जन
समय के साथ साइकिल का स्वरूप पूरी तरह बदल गया है। पहले साइकिल लोगों की जरूरत हुआ करती थी लेकिन अब यह शौक और स्टेटस से जुड़ चुकी है। ग्राहक अब कीमत से ज्यादा आधुनिक फीचर्स और डिजाइन को महत्व दे रहे हैं। यही वजह है कि शहर की दुकानों में हर वर्ग की पसंद के अनुसार आधुनिक साइकिलें सजाई जा रही हैं।
- साहिल गुप्ता, साइकिल विक्रेता, कठुआ