एनआईसीयू-पीआईसीयू खाली करवाए, कई वार्डों की बिजली ठप
आनन-फानन में ओपीडी भी शिफ्ट की गई
संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। जीएमसी कठुआ में सोमवार दोपहर को बिजली पैनल में आग लगने से अफरातफरी मच गई। अस्पताल परिसर में बिजली व्यवस्था के तहत लगाए गए एक पैनल में अचानक आग भड़क गई। घटना के बाद एनआईसीयू-पीआईसीयू वार्ड को खाली करवा दिया गया। वार्ड में धुंआ भरने के समय यहां 10 नवजात भर्ती थे। घटना में किसी भी तरह का बड़ा नुकसान नहीं हुआ है। उधर, डायलिसिस यूनिट, आर्थोपेडिक वार्ड और मनोचिकित्सा वार्ड की भी बिजली आपूर्ति ठप हो गई। अचानक भड़की आग से एक घंटे तक मरीजों और तीमारदारों में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार नए इमरजेंसी ब्लॉक के सामने लगे बिजली पैनल में आग लगने के बाद इससे जुड़ी केबलों में भी आग फैल गई। इस दौरान एनआईसीयू-पीआईसीयू वार्ड में धुआं भर गया। इसके चलते वहां भर्ती नवजात और बच्चों को तुरंत सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट करना पड़ा। अस्पताल प्रशासन ने आनन-फानन में उपचाराधीन दस बच्चों को पीडियाट्रिक वार्ड के एचडीयू में स्थानांतरित किया। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। आग से किसी मरीज या तीमारदार के हताहत होने की सूचना नहीं है। बिजली आपूर्ति बाधित होने से अस्पताल की कई महत्वपूर्ण सेवाएं प्रभावित हो गई। डायलिसिस यूनिट पूरी तरह बंद हो गई है जबकि आर्थोपेडिक और मनोचिकित्सा वार्डों में अस्थायी तौर पर बाहर से केबल डालकर बिजली बहाल करने का प्रयास किया जा रहा है। भीषण गर्मी के बीच बिजली गुल होने से मरीजों और उनके परिजनों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। वार्डों में उमस बढ़ने से हालात और मुश्किल हो गए।
वर्जन
प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण तकनीकी खराबी माना जा रहा है। अस्पताल कर्मियों ने पहले फायर एक्सटिंग्यूशर की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया और बाद में दमकल विभाग की सहायता से स्थिति पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया गया। आग से बिजली पैनल को नुकसान पहुंचा है लेकिन किसी मरीज को कोई नुकसान नहीं हुआ। स्थायी समाधान के लिए लोक निर्माण विभाग को सूचित कर दिया गया है। मंगलवार को विभागीय टीम मरम्मत कार्य शुरू करेगी।
- डॉ. सुरिंदर कुमार अत्री, प्रधानाचार्य जीएमसी कठुआ
जीएमसी कठुआ के पैनल में लगी आग