संवाद न्यूज एजेंसी
बिलावर। भटोडी पंचायत के मोआर में शुक्रवार को बनी के विधायक डॉ. रामेश्वर सिंह ने जनता दरबार लगाकर लोगों की समस्याएं सुनीं और समाधान करने का आश्वासन दिया। लोगों ने विधायक से दूरदराज इलाके को जोड़ने वाली सड़कों की मरम्मत करने की मांग की।
लोगों ने कहा कि कोहग से भटोडी इलाके को जोड़ने वाली 35 किलोमीटर लंबी सड़क की दयानीय दशा के कारण लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने विधायक से जल्द इलाके में क्षतिग्रस्त हुई सड़कों की मरम्मत करने की मांग की। लोगों ने गवर्नमेंट हाई स्कूल मोआर की नई इमारत बनाने की मांग की। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष हुई बारिश के दौरान स्कूल की इमारत क्षतिग्रस्त हो गई है जिसकी वजह से विद्यार्थियों को परेशानी उठानी पड़ रही है।
लोगों ने इलाके के अलग-अलग स्कूलों में अध्यापकों की कमी, स्वास्थ्य केंद्रों में स्वास्थ्य कर्मचारियों की कमी, मोहल्ला नंद मोआर में पेयजल की किल्लत के बारे में विधायक को बताया और सरकारी संस्थानों में रिक्त पड़े पदों को जल्द भरने की मांग की। जनता दरबार में मौजूद लोगों ने विधायक से नए राशन कार्ड बनाने, बंदूक के लाइसेंस को रिन्यू करवाने और पिछले वर्ष भूस्खलन की चपेट में आने से प्रभावित हुए लोगों को मुआवजा दिलवाने की मांग की।
विधायक ने जनता दरबार में पहुंचे लोगों को आश्वासन दिया के लोगों को पेश आने वाली समस्याओं का समाधान किया जाएगा। इस मौके पर मौजूद अलग-अलग विभागों के अधिकारियों को विधायक ने निर्देश दिए और समस्याओं का समाधान करने को कहा। इस मौके पर तहसीलदार अनिल कुमार, ब्लॉक डेवलपमेंट ऑफिसर अजय सिंह, डिप्टी सीईओ बिलावर रामलाल ,प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के एईई सलीम चौधरी और अलग-अलग विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।