संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। अनियमितताएं पाए जाने पर विभाग ने दो खाद विक्रेताओं को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। जांच में पीओएस मशीन से दिखाई गई बिक्री के साथ रिकाॅर्ड का मिलान नहीं होने का मामला सामने आया है।
जिला कृषि अधिकारी (एक्सटेंशन) राज सिंह सुम्बडिया की देखरेख में मंगलवार को विभाग की टीम ने कठुआ सबडिवीजन के अंतर्गत आने वाले खाद विक्रेताओं के स्टोर का निरीक्षण किया। इस दौरान छह दुकानों में खाद के मौजूदा स्टॉक और बिक्री के रिकॉर्ड की जांच की गई। इस दौरान कई दुकानों में त्रुटियां सामने आईं।
दो विक्रेताओं के स्टॉक का मिलान पीओएस मशीन से मेल नहीं खा रहा था। विभाग ने उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया है। अन्य 4 दुकानों में बिक्री रिकॉर्ड में कमियां पाए जाने पर उन्हें चेतावनी देते हुए सभी खामियों को शीघ्र दूर करने के निर्देश दिए गए। टीम ने विक्रेताओं को यह भी निर्देश दिए कि वे किसानों को खाद वितरण में किसी प्रकार की बाधा न आने दें।