सिग्नल कम होने की वजह से ऑनलाइन पढ़ाई में आ रही मुश्किलें
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलावर। बांजल भटवाल के लोगों को मोबाइल सिग्नल की समस्या से दो चार होना पड़ रहा है। स्थानीय निवासी भूषण कुमार, अंग्रेज सिंह, ललिता देवी और राहुल सिंह ने बताया कि गांव में 500 से अधिक उपभोक्ता हैं। इसमें अलग-अलग स्कूलों और कॉलेजों के विद्यार्थी भी शामिल हैं। सिग्नल कम होने की वजह से ऑनलाइन पढ़ाई करने में समस्या आ रही है।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र संवेदनशील है और आपातकालीन स्थिति में अगर किसी को मोबाइल पर संपर्क करना हो तो मुश्किल हो जाता है। लोगों ने बताया कि उन्हें गांव से एक किलोमीटर ऊपर पहाड़ी पर जाकर मोबाइल सिग्नल मिलता है। लोगों ने कहा कि सिग्नल की समस्या की वजह से कॉल ड्रॉप की समस्या रहती है और इंटरनेट काम नहीं कर पाता है। लोगों ने बनी के विधायक डॉ. रामेश्वर सिंह से मांग की है कि उनके गांव में जल्द से जल्द किसी सरकारी भूमि का चयन करके टावर स्थापित किया जाए।