संवाद न्यूज एजेंसी
बनी। रोड सेफ्टी अवेयरनेस प्रोग्राम के तहत गवर्नमेंट डिग्री कॉलेज बनी ने मेडिकल विभाग बनी के सहयोग से निशुल्क नेत्र जांच शिविर का आयोजन किया। यह कार्यक्रम कॉलेज की प्राचार्य प्रो. (डॉ.) नीना गुप्ता के संरक्षण में हुआ।
इस शिविर में कॉलेज के विद्यार्थियों और स्टाफ ने भाग लेकर आंखों की निशुल्क जांच करवाई। सीएचसी बनी से आई मेडिकल टीम में जूनियर फार्मासिस्ट पवन कुमार और सीनियर ऑप्थैल्मिक टेक्नीशियन मोहम्मद अयूब शामिल रहे। शिविर के दौरान आंखों के स्वास्थ्य और बचाव संबंधी जागरूकता पर विशेष जोर दिया गया।
विशेषज्ञों ने छात्रों को मोबाइल फोन और डिजिटल उपकरणों के अत्यधिक उपयोग से बचने की सलाह दी। साथ ही आंखों पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों जैसे आंखों में तनाव, दृष्टि कमजोर होना और दीर्घकालिक नुकसान के बारे में जानकारी दी। उन्होंने सही दूरी बनाकर स्क्रीन देखने, नियमित अंतराल पर ब्रेक लेने और संतुलित आहार अपनाने की भी सलाह दी। रोड सेफ्टी क्लब ने आयोजन के लिए बीएमओ कार्यालय और मेडिकल टीम का आभार जताया।