संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। तहसील हीरानगर के गांव होर, पंचायत हरिपुर में सरकारी भूमि पर अतिक्रमण को लेकर स्थानीय निवासियों ने एसडीएम हीरानगर को एक ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की है। शिकायतकर्ताओं ने बताया कि खसरा नंबर 259 के अंतर्गत आने वाली भूमि राजस्व रिकॉर्ड के अनुसार तालाब/जलाशय के लिए आरक्षित है। आरोप है कि कुछ लोगों द्वारा इस सरकारी भूमि पर अवैध रूप से कब्जा कर लिया गया है, जिससे इसके मूल उद्देश्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह तालाब गांव के सार्वजनिक उपयोग और पर्यावरण संतुलन के लिए महत्वपूर्ण है लेकिन अतिक्रमण के कारण इसकी उपयोगिता प्रभावित हो रही है। उन्होंने प्रशासन से इस मामले में शीघ्र हस्तक्षेप करने की मांग की है।