जम्मू क्षेत्र से राष्ट्रीय योगासन निर्णायक स्तर-3 का प्रशिक्षण पूरा करने वाली पहली महिला बनीं
हरियाणा के कुरुक्षेत्र स्थित गीता ज्ञान संस्थान में पांच दिवसीय राष्ट्रीय योगासन जज प्रशिक्षण शिविर का आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। योग से नाम बनाने वालीं कठुआ की सुनीता वर्मा ने राष्ट्रीय योगासन निर्णायक स्तर-3 का प्रशिक्षण प्राप्त कर लिया है। अब वह राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय योगासन प्रतियोगिताओं में निर्णायक की भूमिका निभाएंगी। सुनीता वर्मा जम्मू क्षेत्र से प्रशिक्षण पूरा करने वाली पहली महिला बन गई हैं।
हरियाणा के कुरुक्षेत्र स्थित गीता ज्ञान संस्थान में आयोजित पांच दिवसीय राष्ट्रीय योगासन जज प्रशिक्षण शिविर में सुनीता वर्मा ने यह उपलब्धि हासिल की है। योग प्रतियोगिताओं की निर्णायक बनीं सुनीता की यह उपलब्धि न केवल उनके व्यक्तिगत संघर्ष और समर्पण की पहचान है बल्कि पूरे क्षेत्र की महिलाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत भी है।
उन्होंने बताया कि योगासन खेल को पेशेवर स्वरूप देने और प्रशिक्षित निर्णायकों की मजबूत शृंखला विकसित करने के लिए शिविर आयोजित किया। देशभर से 150 प्रतिभागियों ने इसमें हिस्सा लिया लेकिन जम्मू क्षेत्र से महिला प्रतिनिधित्व का यह पहला कदम सुनीता ने उठाया। प्रशिक्षण के दौरान देशभर के 10 विशेषज्ञों ने प्रतिभागियों को योगासन की बारीकियां, नियम, तकनीकी मूल्यांकन और निष्पक्ष निर्णय प्रणाली सिखाई। सुनीता का कहना है कि यह प्रशिक्षण महिलाओं को भी निर्णायक भूमिकाओं में आगे लाने का मार्ग प्रशस्त करेगा। सुनीता वर्मा की यह उपलब्धि योगासन खेलों में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी और नेतृत्व का प्रतीक है। सुनीता वर्मा ने साबित कर दिया है कि ग्रामीण और छोटे शहरों की महिलाएं भी वैश्विक मंच पर अपनी पहचान बना सकती हैं।