मशेडी में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने पहुंचे सेना के जेओसी। स्रोत सेना
सेना की परिचालन तैयारियों की समीक्षा की
संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। सेना की राइजिंग स्टार कॉर्प्स के जनरल ऑफिसर कमांडिंग (जीओसी) लेफ्टिनेंट जनरल राजन शरावत ने जिले के मछेडी सेक्टर का दौरा किया है। बुधवार को जिला के इस दूरदराज इलाके में जीओसी ने वहां तैनात सेना की परिचालन तैयारियों की समीक्षा की।
जिला बनी-मशेड़ी का पहाड़ी इलाका पिछले दो वर्षों में कई हमलों और मुठभेड़ों का गवाह रहा है। यह क्षेत्र अंतरराष्ट्रीय सीमा से डोडा, किश्तवाड़ और उधमपुर जिलों तक जाने वाले घुसपैठ मार्ग के रूप में माना जाता है। ऐसे में इस इलाके में तैनात सेना की भूमिका शांति व्यवस्था को बनाए रखने के लिए अहम है। प्राप्त जानकारी के अनुसार जनरल शरावत ने सैनिकों की युद्धक तत्परता, उच्च मनोबल और हर परिस्थिति में मिशन सफलता के प्रति उनकी प्रतिबद्धता की सराहना की। ज्ञात रहे कि इस इलाके में आतंकी गतिविधियों को देखते हुए और घुसपैठ रोकने के लिए सेना ने पिछले वर्ष बनी-मशेड़ी के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में सेना की बड़े पैमाने पर तैनाती की गई है।