50 प्रतिशत तक घरों को सजा-संवार रहे हैं ऐसे प्रोफेशनल
कठुआ। कभी घर को सजाने-संवारने की जिम्मेदारी महिलाओं पर होती थी लेकिन अब समय बदल चुका है। कठुआ में बनने वाले करीब आधे नए घरों को सजाने का जिम्मा प्रोफेशनल इंटीरियर डेकोरेटर संभाल रहे हैं। पति-पत्नी दोनों के कामकाजी होने और व्यस्त जीवनशैली के चलते लोग अपने सपनों का घर सजाने के लिए विशेषज्ञों की सेवाएं लेना ही उचित समझ रहे हैं।
अब प्रोफेशनल इंटीरियर डेकोरेटर गेस्ट रूम से लेकर किचन और बेडरूम तक हर कोने को सुसज्जित कर ये प्रोफेशनल्स न सिर्फ ग्राहकों की पसंद पूरी कर रहे हैं बल्कि उन्हें आधुनिक और टिकाऊ सजावट का लाभ भी दे रहे हैं। इंटीरियर डेकोरेटर अब केवल होटलों, निजी कंपनियों के कार्यालयों और शोरूम तक सीमित नहीं हैं उनका कामकाज घरों तक फैल चुका है। गेस्ट रूम, किचन, लॉबी, बेडरूम, बाथरूम से लेकर घर के हर कोने को सुसज्जित कर वे ग्राहकों की पसंद के अनुसार डिजाइन तैयार कर रहे हैं। कठुआ में दर्जनभर से अधिक इंटीरियर डेकोरेटर सक्रिय हैं जबकि पठानकोट और जम्मू से भी प्रोफेशनल्स यहां सेवाएं देने आ रहे हैं। इससे कठुआ में इंटीरियर डेकोरेशन का नया बाजार विकसित हो रहा है।
कोट
घर बनाने वाले को सजावट के घटकों की पर्याप्त जानकारी नहीं होती। गलत फैसले से आर्थिक नुकसान और परेशानी हो सकती है। ऐसे में लोग अब विशेषज्ञों को जिम्मेदारी सौंप रहे हैं। ऐसे में कठुआ में तेजी से बदलते सामाजिक और आर्थिक परिदृश्य ने इंटीरियर डेकोरेटरों के लिए नया अवसर पैदा किया है।
- भानु प्रताप सिंह, इंटीरियर डेकोरेटर
इंटीरियर डेकोरेटरों की सेवाओं से होने वाले लाभ
- ग्राहकों की पसंद और बजट के अनुसार डिजाइन तैयार होता है।
- घर के हर हिस्से का बेहतर उपयोग होता है।
- आधुनिक और पारंपरिक सजावट का संतुलन मिलता है।
- समय और मेहनत की बचत होती है।
- लंबे समय तक टिकाऊ और आकर्षक सजावट सुनिश्चित होती है।