रामकोट । पंचायत मकवाल के वार्ड-6 आली से कछेड़ पंचायत के बाउंचली इलाके तक की सड़क की हालत पिछले काफी समय में बदहाल बनी हुई है। सड़क कच्ची होने से राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे बने हुए हैं।
उबड़-खाबड़ सड़क होने के कारण वाहन चालकों के साथ-साथ पैदल चलने वाले लोगों को प्रतिदिन दो-चार होना पड़ रहा है। लोगों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। दोपहिया वाहन चालकों के लिए भी यह सड़क खतरे से खाली नहीं है। सड़क पर चलते समय दोपहिया वाहन चालकों को आए दिन हादसों का शिकार होना पड़ता है। यह सड़क चार किलोमीटर लंबी है और आली, चींजी, बाउंचली के साथ कछेड़ और बबे के कई इलाकों को जोड़ती है। यह करीब चार हजार आबादी के लिए आवागमन का मुख्य मार्ग भी है। बाउंचली के सुभाष सिंह ने बताया कि ग्रामीण सड़क पक्की करने की मांग कई वर्षों से कर रहे हैं लेकिन सरकार ध्यान नहीं दे रही है। तहसील मुख्यालय रामकोट और बस स्टैंड रामकोट तक पहुंचने के मुख्य मार्ग की सड़क कच्ची होने से वाहन चालक परेशान हैं। इससे विद्यार्थियों और नौकरीपेशा लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। मकवाल के साहिल कुमार, कुलभूषण, अशोक कुमार और अंकु शर्मा ने स्थानीय लोगों को समस्या से अवगत करवाया है।