जम्मू एवं कश्मीर राज्य विद्यालय शिक्षा बोर्ड की कक्षा 12वीं हिंदी विषय की वार्षिक परीक्षा 23 मार्च
को संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। जम्मू एवं कश्मीर राज्य विद्यालय शिक्षा बोर्ड की कक्षा 12वीं हिंदी विषय की वार्षिक परीक्षा 23 मार्च 2026 को आयोजित होने जा रही है। मॉडल हायर सेकेंडरी स्कूल हीरानगर के वरिष्ठ प्रवक्ता धर्मपाल ने कहा कि सही योजना, नियमित पुनरावृत्ति और आत्मविश्वास के साथ किया गया प्रयास निश्चित रूप से सफलता दिलाता है।
धर्मपाल ने विद्यार्थियों को पाठ्यक्रम का संक्षिप्त पुनरावलोकन करने, गद्य-पद्य के भावार्थ और लेखक व कवि के नाम याद रखने और महत्वपूर्ण प्रश्नों का अभ्यास करने की सलाह दी। उन्होंने बताया कि पिछले वर्षों के प्रश्नपत्र हल करने से प्रश्नों के पैटर्न और समय प्रबंधन की समझ विकसित होती है। व्याकरण को अंक प्राप्ति का सबसे सशक्त साधन बताते हुए उन्होंने संधि-समास, अलंकार, मुहावरे-लोकोक्तियां, पर्यायवाची-विलोम और वाक्य शुद्धि पर विशेष ध्यान देने को कहा।
वहीं, लेखन कौशल को मजबूत करने के लिए पत्र, निबंध और अनुच्छेद लेखन का अभ्यास करने की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि सरल और प्रभावी भाषा, क्रमबद्ध विचार और साफ-सुथरी लिखावट परीक्षक पर सकारात्मक प्रभाव डालती है। धर्मपाल ने विद्यार्थियों को पहले पूरे प्रश्नपत्र को ध्यान से पढ़ने और आसान प्रश्नों से शुरुआत करने की सलाह दी। उन्होंने तैयारियों के दौरान विद्यार्थियों को मानसिक शांति बनाए रखने, पर्याप्त नींद लेने और आत्मविश्वास के साथ परीक्षा देने का संदेश दिया। उन्होंने परीक्षा की तैयारी करने वाले सभी विद्यार्थियों को आगामी हिंदी परीक्षा के लिए शुभकामनाएं दीं।