- एईई पीडब्ल्यूडी को मंदिर मार्गों की मरम्मत करने और रात में सुरक्षित आवाजाही के लिए उचित पार्किंग करने के निर्देश दिए
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलावर। एडीसी विनय खोसला ने मंगलवार को पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में बैठक कर नवरात्र पर्व की तैयारियों को अंतिम रूप दिया। उन्होंने माता बाला सुंदरी और मल माता सुकराला मंदिरों की तरफ जाने वाले रास्ते, सुकराला गांव को जोड़ने वाले सड़क संपर्क, निर्बाध बिजली आपूर्ति और नियमित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने पर जोर दिया। एडीसी ने एईई पीडब्ल्यूडी को मंदिर मार्गों की मरम्मत करने और रात में सुरक्षित आवाजाही के लिए उचित पार्किंग करने के निर्देश दिए।
एईई पीडीडी को निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने एवं माता बाला सुंदरी मंदिर मार्ग पर बल्ब लगाने के निर्देश दिए गए। इसी प्रकार एईई पीएचई को दोनों मंदिर स्थलों पर नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित करने को कहा गया। बीएमओ बिलावर को दोनों मंदिरों के आधार व शीर्ष बिंदुओं पर प्राथमिक उपचार सुविधाओं सहित चिकित्सा दल तैनात करने को कहा गया। बीडीओ बिलावर को माता बाला सुंदरी मंदिर मार्ग की बहाली, साफ-सफाई, शौचालयों की कार्यशीलता और क्षतिग्रस्त स्थानों पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए साइनबोर्ड लगाने के निर्देश दिए गए। ईओ बिलावर को माता सुकराला मंदिर परिसर की संपूर्ण सफाई सुनिश्चित करने के लिए कहा गया। ट्रैफिक पुलिस और पुलिस अधिकारियों को धार एवं सुकराला मार्गों पर यातायात को नियंत्रित करने, श्रद्धालुओं के लिए पार्किंग की उचित व्यवस्था करने, सार्वजनिक परिवहन में भीड़ को प्रबंधित करने और श्रद्धालुओं से अधिक किराया वसूलने की शिकायतों पर अंकुश लगाने के निर्देश दिए गए। श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए समितियों का गठन कर खाद्य सामग्री की गुणवत्ता की जांच, अधिक वसूली पर रोक और अन्य आवश्यक सेवाओं की निगरानी करने के लिए कहा। एसडीपीओ को दोनों देवस्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में तहसीलदार सुरेंद्र सिंह, बीडीओ बिलावर, सीडीपीओ बिलावर, डिप्टी सीईओ बिलावर, बीएमओ बिलावर, एसडीएओ बिलावर, पीडब्ल्यूडी, पीएचई, पीडीडी और सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग के एईई और जेई सहित माता बाला सुंदरी एवं माता सुकराला मंदिर समितियों के अध्यक्ष और सदस्य उपस्थित रहे।