हीरानगर में सीआरपीएफ की ओर से रक्तदान शिविर जागरूक पाठक
अधिकारियों और जवानों ने भाग लेकर रक्तदान किया
संवाद न्यूज एजेंसी
हीरानगर। केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की 121 बटालियन ने हीरानगर के तत्वावधान में सोमवार को रक्तदान शिविर का आयोजन किया। यह शिविर सीआरपीएफ के 87वें स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित किया गया। इसमें बल के अधिकारियों और जवानों ने भाग लेकर रक्तदान किया।
कार्यक्रम का आयोजन 121 बटालियन के कमांडेंट अरविंद सिंह के मार्गदर्शन में किया गया। इस दौरान सरकारी मेडिकल कॉलेज कठुआ की चिकित्सकों की टीम ने शिविर में भाग लेकर रक्त संग्रह की प्रक्रिया को संपन्न कराया। मेडिकल टीम का नेतृत्व मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुधाकर राय ने किया जबकि सहायक उप निरीक्षक एवं फार्मासिस्ट सुरेंद्र कुमार सहित अन्य स्वास्थ्य कर्मियों ने भी शिविर के संचालन कार्य में भूमिका निभाई। कार्यक्रम के दौरान 121 बटालियन के उप कमांडेंट संदीप कुमार शर्मा उपस्थित रहे। उन्होंने जवानों को समाज सेवा के ऐसे कार्यों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने के लिए प्रेरित किया। सीआरपीएफ अधिकारियों ने बताया कि बल की ओर से समय-समय पर इस प्रकार के जनहित और सामाजिक सरोकार से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। इनका उद्देश्य समाज में सेवा, सहयोग और मानवता के मूल्यों को बढ़ावा देना और आम जनता और सुरक्षा बलों के बीच विश्वास को और मजबूत करना है। रक्तदान शिविर में अधिकारियों, अधीनस्थ अधिकारियों और जवानों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और बड़ी संख्या में रक्तदान कर समाज के प्रति जिम्मेदारी का परिचय दिया।