- पदों के खाली रहने से इलाज और शिक्षण कार्य हो रहे प्रभावित
संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। जीएमसी कठुआ ने लंबे समय से खाली पड़े डेमोंस्ट्रेटर और सीनियर रेजीडेंट डॉक्टरों के पदों को भरने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके लिए प्रशासन की ओर से बाकायदा विज्ञापन जारी किया गया है।
अस्पताल में इन पदों के खाली रहने से मरीजों को विशेषज्ञ डॉक्टरों की उपलब्धता नहीं हो पा रही थी। इससे आपातकालीन सेवाओं और नियमित इलाज प्रभावित हो रहा था वहीं शिक्षण कार्य भी बाधित था। कई विभागों में कार्यभार बढ़ने से डॉक्टरों पर अतिरिक्त दबाव था और मरीजों को समय पर उपचार नहीं मिल पा रहा था।
जीएमसी कठुआ के प्रधानाचार्य डॉ. सुरिंदर कुमार अत्री ने बताया कि कॉलेज में 12 डेमोंस्ट्रेटर और 22 सीनियर रेजीडेंट डॉक्टरों के पद खाली हैं। डेमोंस्ट्रेटर के पदों में ऑटोनॉमी, साइकोलॉजी, बायोकेमेस्ट्री, पैथोलॉजी, माइक्रोबायोलॉजी, फार्माकोलॉजी, फॉरेंसिक मेडिसिन, कम्युनिटी मेडिसिन विभाग शामिल हैं। सीनियर रेजीडेंट के पद जनरल मेडिसिन, टीबी एवं रेस्पिरेट्री डिजीज, बाल रोग, जनरल सर्जरी, ईएनटी, स्त्री रोग, रेडियोलॉजी, रेडियोथैरेपी, एनेस्थीसिया, न्यूरोलॉजी और फिजिकल मेडिसिन एंड रिहैबिलिटेशन विभागों में भरे जाएंगे।
इसके लिए आवेदन की अंतिम तिथि 23 मार्च तय की गई है। प्रयास है कि भर्ती प्रक्रिया जल्द पूरी कर अस्पताल की व्यवस्था को बेहतर बनाया जाए। नए डॉक्टरों के जुड़ने से न केवल मरीजों को विशेषज्ञ देखरेख में इलाज मिलेगा बल्कि छात्रों को भी गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण प्राप्त होगा और अस्पताल की सेवाएं अधिक सुचारु रूप से चल सकेंगी।