बीते साल सुरक्षाबलों के साथ हुई थी आतंकियों की मुठभेड़
संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। उज्ज दरिया से सटे अंबे नाल, थोरमा में सुरक्षाबलों ने शुक्रवार को एंटी फिदायीन मॉकड्रिल कर सुरक्षा तैयारियों को परखा। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सोफैन क्षेत्र में इस मॉकड्रिल का आयोजन किया गया। यहां बीते साल सुरक्षाबलों के साथ आतंकियों की मुठभेड़ हुई थी।
दोपहर बाद लगभग साढ़े चार बजे से पुलिस के स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप के अलावा हीरानगर पुलिस और सीआरपीएफ के जवान भी इस मॉकड्रिल में शामिल रहे। इसका मुख्य उद्देश्य पुलिस प्रतिष्ठानों पर होने वाले संभावित फिदायीन हमलों के विरुद्ध परिचालन तैयारियों का परीक्षण करना, जवानों की चपलता बढ़ाना और जवाबी कार्रवाई की प्रतिक्रिया समय में सुधार करना था। अभ्यास के दौरान जवानों को वास्तविक हमले जैसी परिस्थितियों के बीच रणनीतिक कौशल का प्रदर्शन करने का अवसर मिला। इस अभ्यास के माध्यम से सुरक्षा बलों के बीच आपसी समन्वय और सूचनाओं के आदान-प्रदान की प्रक्रिया को भी और अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया। मॉकड्रिल की शुरुआत में पुलिस कर्मियों को ऊंचाई वाले स्थानों का रणनीतिक उपयोग करने, भारी गोलाबारी के प्रभावी इस्तेमाल और पुलिस प्रतिष्ठानों में स्थापित रेड अलार्म सिस्टम के संचालन की बारीकियों के बारे में जानकारी दी गई। वरिष्ठ अधिकारियों ने जवानों को तकनीकी और सामरिक रूप से श्रेष्ठ रहने के टिप्स दिए।