कठुआ। बनी क्षेत्र में रविवार देर रात भूकंप के झटके महसूस किए गए। पहला झटका रात 1:02 बजे आया जिसकी तीव्रता अधिक थी। अचानक आए इस झटके से लोग घबराकर घरों से बाहर निकल आए। इसके बाद 1:05 बजे दूसरा झटका दर्ज किया गया जिससे लोगों में दहशत और बढ़ गई।
सरकार के पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय, राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के अनुसार भूकंप का केंद्र डोडा और चंबा रहा। डोडा जिले में दर्ज भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 4.2 आंकी गई। चंबा में 3.5 रिक्टर स्केल का झटका दर्ज किया गया। रात के समय आए इन झटकों से लोगों में भय का माहौल बन गया हालांकि अब तक किसी तरह के नुकसान की सूचना नहीं है। विशेषज्ञों का कहना है कि यह क्षेत्र भूकंपीय दृष्टि से संवेदनशील है।