कई स्थानों पर भूस्खलन होने से संकरी हो गई है सड़क, विभाग ने अब तक नहीं लगाई सुरक्षा दीवारें
संवाद न्यूज एजेंसी
बिलावर। सेरी से कुंड इलाके को जोड़ने वाली सड़क पर वाहन चलाना खतरे से खाली नहीं है। लोगों का कहना है कि कई स्थानों पर भूस्खलन होने से सड़क बहुत संकरी हो गई है विभाग ने अब तक उन स्थानों पर सुरक्षा दीवारें नहीं लगाई हैं। सड़क संकरी होने से हादसे होने की आशंका बनी रहती है।
ओम प्रकाश, मदन कुमार, रसालो राम और सुरेंद्र कुमार ने बताया कि वर्ष 2025 के जुलाई महीने में इलाके में हुई मूसलाधार बारिश से सड़क क्षतिग्रस्त हो गई थी जिसे पीएमजीएसवाई ने ठीक नहीं करवाया। लोगों ने कहा कि संबंधित विभाग ने सितंबर 2025 में सड़क को यातायात के लिए बहाल कर दिया था लेकिन सड़क की सही तरीके से मरम्मत नहीं करवाई गई। लोगों ने बताया कि सड़क पर गहरे गड्ढे बने होने से वाहन चालकों को परेशान होना पड़ता है। लोगों ने कहा कि इस सड़क के माध्यम से दूरदराज इलाके के 10 गांव सड़क संपर्क से जुड़ते हैं और हर दिन इस सड़क पर कई यात्री वाहन, निजी वाहन और माल वाहक वाहनों की आवाजाही रहती है। लोगों ने कहा कि समस्या के बारे में कई बार प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अधिकारियों को अवगत करवाया लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है।
लोगों ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना से मांग की है कि जल्द से जल्द सड़क की मरम्मत करवाई जाए और जिन स्थानों से सड़क बहुत संकरी है उन स्थानों के किनारे सुरक्षा दीवारें लगाई जाए या क्रेट बिछाए जाएं।
कोट
साल 2025 के जुलाई महीने में हुई मूसलाधार बारिश के दौरान भूस्खलन की चपेट में आने से सड़क क्षतिग्रस्त हो गई थी। मौजूदा समय में सड़क पर यातायात बहाल है और जिन स्थानों पर भूस्खलन हुआ है वहां पर प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना ने क्रेट बिछाने का काम शुरू करवा दिया है।
- हेमराज, कनिष्ठ अभियंता, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना