बिलावर। कस्बे के मुख्य बाजार मे घूमने वाले लावारिस मवेशियों की संख्या आए दिन बढ़ती जा रही है। कस्बे के अलग-अलग चौक चौराहों, गलियों, मुख्य बाजार में मवेशी घूमते रहते हैं जिनकी वजह से बाजार में आने वाले ग्राहक और दो पहिया वाहन चालक काफी परेशान हैं। इसके अलावा कस्बे के सब्जी विक्रेता और फल विक्रेता आवारा पशुओं से काफी दुखी हैं।
दर्शन कुमार, गिरधारी लाल, पवन शर्मा, धर्मपाल और सुरेंद्र कुमार ने बताया कि कस्बे मे घूमने वाले लावारिस मवेशी इधर-उधर मुंह मारते नजर आते हैं। उन्होंने कहा कि कई बार मवेशी झुंड में मुख्य बाजार से निकलते हैं तो बाजार में पैदल आवागमन करने वाले लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
लोगों ने आरोप लगाया कि समस्या के बारे में नगर कमेटी को लोगों ने कई बार अवगत करवाया लेकिन समस्या का कोई भी समाधान नहीं किया। लोगों ने कहा कि सरकारी कार्यालयों के बाहर भी कई बार मवेशियों का जमावड़ा देखा जा सकता है और भीड़ वाले क्षेत्रों में पशुओं का झुंड सड़क हादसों का कारण बन रहा है।
कस्बे के जीरो मोड़, पुराने बस स्टैंड और तहसील कार्यालय के बाहर, कस्बे की मुख्य गलियों में लावारिस मवेशी भारी संख्या में देखे जा सकते हैं। बस स्टैंड पर लावारिस मवेशियों का जमावड़ा अलग-अलग स्कूलों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों, यात्रियों और कर्मचारियों के लिए भारी परेशानी बना हुआ है। लोगों ने कहा कि मवेशी विशेष कर सांडों के कारण कस्बे में कई सड़क दुर्घटनाएं भी हो चुकी हैं।
कोट
समस्या संज्ञान में आई है। जिन लोगों ने मवेशियों को खुला छोड़ रखा है, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी और उन्हें जुर्माना लगाया जाएगा।
-वीरेंद्र पाल सिंह, कार्यकारी अधिकारी नगर कमेटी बिलावर