बिलावर। बारिश की वजह से स्थगित की गई भड्डू प्रीमियर लीग सीजन-2 क्रिकेट प्रतियोगिता में शुक्रवार को दो मैच खेले गए। पहले मैच में दरुंग सीनियर इलेवन की टीम ने रॉयल क्रिकेट क्लब को दो विकेट से हराकर प्रतियोगिता के अगले दौर में प्रवेश किया। रॉयल क्रिकेट क्लब ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया और निर्धारित 20 ओवर के मैच में 167 रन बनाए। निर्धारित लक्ष्य का पीछा करने उतरी दरुंग सीनियर इलेवन की टीम ने निर्धारित लक्ष्य को 8 विकेट गंवाकर पूरा कर लिया और दो विकेट से मैच जीत कर प्रतियोगिता के अगले दौर में जगह बना ली।
दरुंग सीनियर इलेवन के खिलाड़ी नेहाल खजूरिया ने 36 गेंदों का सामना करते हुए 46 रन बनाए और एक विकेट लिया। मैच में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी को मैन ऑफ द मैच से सम्मानित किया गया। दूसरे मैच में साईं क्रिकेट क्लब रेहान की टीम ने नॉटी क्रिकेट क्लब को 77 रन से हराकर प्रतियोगिता के अगले दौर में प्रवेश कर लिया। रेहान क्रिकेट क्लब के खिलाड़ी अंकुश ने 31 गेंदों का सामना करते हुए 55 रन बनाए। मैच में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच से सम्मानित किया गया। आयोजकों ने बताया कि शनिवार को क्रिकेट प्रतियोगिता में अगले दौर के मैच खेले जाएंगे।