बिलावर। उपमंडल के प्रसिद्ध देवस्थान सुकराला माता को जोड़ने वाली सड़क की दयनीय दशा के कारण वाहन चालकों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय निवासी बोधराज, राजकुमार, फरमान अली और छोटू राम ने बताया कि 9 किलोमीटर लंबी सड़क के कई हिस्सों पर गहरे गड्ढे बने हुए हैं। इनकी वजह से वाहन चालकों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
लोगों ने बताया कि हर दिन सुकराला माता देवस्थान पर अलग-अलग इलाकों के लोग महामाई के दर्शन करने की अभिलाषा से पहुंचते हैं। इन्हें सड़क की खस्ताहाल स्थिति के कारण परेशान होना पड़ता है।
लोगों ने बताया कि बरसात के दिनों में सड़क के कई स्थानों पर मलबा गिरा था जिसे पूरी तरह से नहीं हटाया गया। लोगों ने बताया कि ज्यादातर सड़क के किनारे बनाई गई नालियां मलबा भर जाने से बंद हो गई हैं। इसकी वजह से पानी की निकासी नहीं होती और सड़क आए दिन क्षतिग्रस्त होती जा रही है।
लोगों ने बताया कि सुकराला माता गांव से आगे यही सड़क उपमंडल के लगभग 50 गांवों को सड़क संपर्क से जोड़ती है और हर दिन इसी सड़क से पहाड़ी इलाकों के हजारों लोग निचले और ऊपरी इलाकों की तरफ वाहनों में आवाजाही करते हैं जिन्हें काफी परेशान होना पड़ता है। लोगों ने लोक निर्माण विभाग से मांग की है कि जल्द से जल्द सुकराला गांव को जोड़ने वाली सड़क की मरम्मत करवाई जाए जिससे वाहन चालकों को राहत मिल सके।