बिलावर। इलाके के किसानों को गेहूं की फसल के लिए यूरिया खाद उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। किसानों ने प्रदर्शन की चेतावनी देते हुए कहा कि अगर दो दिनों के भीतर बाजारों में खाद उपलब्ध नहीं हुआ तो वह सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन करने को मजबूर हो जाएंगे।
किसान सुभाष सिंह, अजय कुमार, मनोहर लाल और प्रवीण कुमार ने बताया कि वह पिछले कई दिनों से यूरिया खाद के लिए इधर-उधर भटक रहे हैं लेकिन उन्हें खाद उपलब्ध नहीं हो पा रही। किसानों ने आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार किसानों की आमदनी को दोगुना करने के लिए बड़े-बड़े दावे करती है लेकिन अगर जमीन स्तर पर देखा जाए तो किसानों को जरूरत के समय खाद उपलब्ध नहीं हो पा रही। किसानों ने कहा कि वह पिछले कई दिनों से यूरिया खाद के लिए सरकारी खाद की दुकानों के चक्कर लगा रहे हैं लेकिन खाद उपलब्ध नहीं हो पा रही। किसानों ने कहा कि इलाके में हुई बारिश के बाद अब गेहूं की फसल को यूरिया खाद की सख्त जरूरत है लेकिन उन्हें खाद की कमी की वजह से जूझना पड़ रहा है।
किसानों ने कृषि विभाग से मांग की है कि इलाके में यूरिया खाद उपलब्ध करवाने के लिए जल्द कदम उठाए जाएं।