कठुआ। 28वीं जम्मू-कश्मीर यूटी ताइक्वांडो चैंपियनशिप 2025-26 में कठुआ के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन किया। जम्मू के भगवती नगर इंडोर स्टेडियम में संपन्न हुई इस प्रतियोगिता में खेले इंडिया ताइक्वांडो सेंटर कठुआ के खिलाड़ियों ने तीन स्वर्ण, छह रजत और चार कांस्य पदक जीतकर सबका ध्यान अपनी ओर खींचा है।
कठुआ ताइक्वांडो एसोसिएशन के कोच विशेष ठाकुर के मार्गदर्शन में चैंपियनशिप में हिस्सा लेने गए जिला के 20 खिलाड़ियों ने 13 पदक हासिल किए है। जिस पर एसोसिएशन ने खुशी का इजहार किया है। ठाकुर ने बताया कि पीवी अंडर 21 किलो वर्ग में कठुआ के रियांश, पीवी 20 किलो वर्ग में सौभाग्य ठाकुर और सीनियर अंडर 83 किलो वर्ग में अजय कुमार ने स्वर्ण अपने नाम किया है। शिवाय, आरव, सहज, रुद्रांश, मोहित ने रजत और तक्शित, सक्षुम, ब्रिंदुल ने कांस्य पदक जीत कर कठुआ का नाम रोशन किया है। कठुआ के खिलाड़ियों की इस सफलता के लिए उन्होंने कठुआ ताइक्वांडो एसोसिएशन के पुष्प ठाकुर और पंकज सपोलिया का विशेष आभार जताया। जिन्होंने खिलाड़ियों के सहयोगी की भूमिका निभाई।
उन्होंने कठुआ के खिलाड़ियों की इस उपलब्धि को जिले के लिए गर्व का क्षण बताया।क्योंकि हमारे खिलाड़ियों ने अपने प्रदर्शन से साबित किया है कि कठुआ खेल प्रतिभा का गढ़ है और यहां के युवा राष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी पहचान बनाने के लिए तैयार हैं। कठुआ के पदक विजेता खिलाड़ी अब ताइक्वांडो फेडरेशन ऑफ इंडिया द्वारा आयोजित होने वाली राष्ट्रीय ताइक्वांडो चैंपियनशिप में जम्मू-कश्मीर यूटी का प्रतिनिधित्व करेंगे।