कठुआ। जिले में भारी बारिश के चलते आम गतिविधियां पूरी तरह से होकर रह गई। इस दौरान कई महत्वपूर्ण कार्यक्रम पर बारिश का असर साफ देखने को मिला। इन कार्यक्रमों को या तो रद्द कर देना पड़ा या उनमें सहभागिता काफी कम देखने को मिली।
भारी बारिश के चलते जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम में गणतंत्र दिवस की रिहर्सल परेड अपने आखिरी दिन नहीं हो सकी है। हालांकि भारी बारिश के बावजूद प्रतिभागियों का उत्साह में कोई कमी नहीं देखने को मिली, जो अपने निर्धारित समय से स्पोर्ट्स स्टेडियम में पहुंचे हुए थे लेकिन करीब 1 घंटे के इंतजार के बाद भी जब मौसम कोई राहत देने के लिए तैयार नहीं हुआ तो वहां मौजूद अधिकारियों ने रिहर्सल परेड को निरस्त कर दिया।
जिला युवा सेवा एवं खेल विभाग के अधिकारियों ने बताया कि उक्त निर्णय प्रतिभागी विद्यार्थियों की सुरक्षा को देखते हुए किया गया है। अब शनिवार को परेड की फुल ड्रेस रिहर्सल का आयोजन किया जाएगा।
इसी तरह शहर के लोअर शिव नगर स्थित आदियोगी आश्रम में हर साल वसंत पंचमी के दिन होने वाला सरस्वती पूजन और सत्संग खराब मौसम के चलते प्रभावित रहा। यहां लोगों की सहभागिता कम होने के चलते मंदिर में मां सरस्वती का विधि विधान से पूजन किया गया। लेकिन उसके अगले चरण में होने वाला सत्संग स्थगित रहा।
कार्यक्रम की अगवाई करने वाले आदियोगी गौतम जी महाराज ने बताया कि मंदिर में हर वर्ष बसंत पंचमी पर पूरे उत्साह के साथ मां सरस्वती का पूजन किया जाता है और इसके बाद सत्संग व भंडारा आयोजित होता है। जिसमें बड़ी संख्या में भक्त शामिल होते हैं। लेकिन इस बार खराब मौसम के चलते ऐसा संभव नहीं हो पाया है। लिहाजा इस कार्यक्रम को सीमित कर दिया गया है।