हायर सेकेंडरी स्कूल गुजरू नगरोटा का स्टॉफ और छात्र जो गणतंत्र दिवस समारोह में विशेष आमंत्रित है
कठुआ। जिले के सरकारी उच्च माध्यमिक विद्यालय नगरोटा गुजरू की टीम इस साल गणतंत्र दिवस समारोह की साक्षी बनेगी। विद्यालय को भारत सरकार के नीति आयोग की ओर से प्रधानमंत्री के प्रतिनिधित्व में विशेष आमंत्रण प्राप्त हुआ है कि स्कूल गणतंत्र दिवस समारोह 2026 में नई दिल्ली में विशेष अतिथि के रूप में भाग ले।
यह सम्मान विद्यालय को देशभर के शीर्ष 50 अटल टिंकरिंग लैब (एटीएल) प्रदर्शनकारी विद्यालयों में चयनित होने पर मिला है। गौरतलब है कि जम्मू संभाग से यह एकमात्र विद्यालय है जिसे इस प्रतिष्ठित अवसर पर आमंत्रित किया गया है। विद्यालय प्रबंधन के अनुसार यह उपलब्धि विद्यालय के विद्यार्थियों और शिक्षकों की नवाचार क्षमता, टीमवर्क और उत्कृष्ट प्रदर्शन का प्रमाण है। 24 जनवरी को दिल्ली दर्शन के तहत सभी विशेष अतिथियों का प्रधानमंत्री संग्रहालय भ्रमण होगा।
25 जनवरी को राष्ट्रपति भवन और नेशनल साइंस सेंटर का भ्रमण कराया जाएगा। इसी दिन शाम को शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के साथ हाई टी का आयोजन होगा। 26 जनवरी को कर्तव्य पथ पर आयोजित गणतंत्र दिवस परेड में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उपस्थिति में विशेष अतिथि के रूप में सहभागिता होगी। विद्यालय का प्रतिनिधित्व एटीएल इंचार्ज जगजीत सिंह, एटीएल मेंटर शिवानी वर्मा के साथ कक्षा बारहवीं की छात्राएं साक्षी ठाकुर और पायुषी मगोत्रा करेंगे।
स्कूल के उपप्रधानाचार्य और एटीएल के प्रभारी जगजीत सिंह ने बताया कि गणतंत्र दिवस समारोह में विशेष अतिथि के रूप में शामिल होना विद्यालय के लिए गौरव का विषय है।