रामकोट। 121वीं वाहिनी सीआरपीएफ मुख्यालय रामकोट में समिति से जुड़ी महिलाओं ने रक्षाबंधन की पूर्व संध्या पर जवानों को राखी बांधी। इस अवसर पर भाजपा की पहाड़ी जिला प्रधान गोपाल कृष्ण के साथ भाजपा के वरिष्ठ नेता रविंद्र सिंह बलौरिया, जिला विकास परिषद सदस्य नगरोटा गुजरू नारायण दत्त त्रिपाठी भी मौजूद रहे। जिला विकास परिषद सदस्य नगरोटा नारायण दत्त त्रिपाठी ने कहा कि अपने-अपने घरों से दूर देश की सुरक्षा में तैनात जवानों को रक्षाबंधन जैसे पवित्र त्योहार पर भी बहनों से राखी बंधवाने का अवसर नहीं मिल पाता है लेकिन स्थानीय महिलाओं ने सीआरपीएफ जवानों की कलाई पर राखी बांधकर भाई बहन के प्रेम के प्रतीक इस पवित्र पर्व पर अद्भुत छाप छोड़ी है। अपनी कलाई पर राखी बंधवाकर सीआरपीएफ के पदाधिकारी और जवान भी भाव विभोर हो गए। इस दौरान जवानों ने बहनों को उपहार स्वरूप कुछ रुपये और मिठाइयां भेंट में दीं।