बिलावर। 33 केवी महानपुर फिंतर बिजली लाइन क्षतिग्रस्त होने से बिलावर उपमंडल के ज्यादातर इलाकों में बिजली सप्लाई प्रभावित रही। वीरवार रात 11 बजे से गुल हुई बिजली शुक्रवार दोपहर 3:00 बजे बहाल हुई। इसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली।
दरअसल डामवरा गांव मे 33 केवी बिजली लाइन पर एक विशालकाय चीड़ का पेड़ गिर गया। इसके कारण बिजली ढांचे को क्षति पहुंची और बिजली के तार टूट कर क्षतिग्रस्त हो गए। इससे इलाके में बिजली सप्लाई बाधित हो गई। बिजली सप्लाई प्रभावित रहने से लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। सुबह 7:00 बजे बिजली विभाग की टीम मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त ढांचे को ठीक करने का कार्य शुरू किया गया। दोपहर 2:30 बजे बिजली लाइनों को ठीक कर दिया गया। इसके बाद दोपहर 3:00 बजे इलाके में बिजली सप्लाई बहाल हो गई। लगभग 15 घंटे बाद बिजली सप्लाई बहाल होने से उपमंडल की डेढ़ लाख से अधिक आबादी ने राहत की सांस ली।