कठुआ। राजेश शर्मा ने वीरवार को कठुआ के 48वें डीसी के रूप में कार्यभार संभाल लिया। उन्होंने डॉ. राकेश मिन्हास की जगह कठुआ में पदभार संभाला, जिन्हें डीसी जम्मू की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
जिला सचिवालय पहुंचने पर प्रशासनिक अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। कार्यभार ग्रहण करने के बाद उपायुक्त राजेश शर्मा ने स्पोर्ट्स स्टेडियम कठुआ का दौरा किया। यहां स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों की समीक्षा की गई। जिला मुख्यालय पर आयोजित होने वाले मुख्य कार्यक्रम की व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। मैदान में पानी जमा होने की दिक्कत का समाधान करने के लिए उचित कदम उठाने को कहा। निरीक्षण के दौरान डीसी ने इनडोर स्टेडियम के निर्माण कार्य का भी जायजा लिया। उन्होंने कहा कि यह सुविधा पूर्ण होने के बाद सभी वर्गों के लिए अनेक अवसर प्रदान करेगी और जिले में खेल गतिविधियों को नया आयाम देगी।