फिल्म शूटिंग की तैयारी करती टीम।
- फोटो : kathua news
बनी। पर्यटकों की रौनक जिले के पहाड़ी इलाकों में लौटने के साथ ही अब बनी एक बार फिर फिल्म शूटिंग डेस्टिनेशन बनने लगा है। वादियों में फिर से लाइट्स कैमरा एक्शन गूंजने लगा है। प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर और सांस्कृतिक रूप से समृद्ध बनी अब सिर्फ एक पर्यटन स्थल नहीं रहा, बल्कि बॉलीवुड की नजरों में भी एक खास मुकाम हासिल कर रहा है। अब यहां की हसीन वादियों और लोक संस्कृति को सिल्वर स्क्रीन पर पेश किया जाएगा।
बॉलीवुड फिल्म निर्देशक सज्जाद इकबाल खान बनी को देश और दुनिया के सामने लाने के लिए प्रयासरत हैं। उनका मानना है कि बनी की खूबसूरती किसी भी फिल्म के लिए एक आदर्श लोकेशन बन सकती है। साथ ही वे चाहते हैं कि स्थानीय युवाओं को फिल्म इंडस्ट्री के माध्यम से एक नया मंच मिले और क्षेत्र में पर्यटन को भी बढ़ावा मिले। इन्हीं प्रयासों के तहत सज्जाद खान की नई फिल्म रोड क्रॉस की शूटिंग बनी में शुरू कर दी गई है। यह फिल्म सरथल, चला धार और चांदल जैसे प्रमुख स्थलों पर फिल्माई जाएगी। फिल्म की शूटिंग लगभग दो हफ्ते चलेगी।
इस फिल्म में मुख्य भूमिका निभा रहे हैं अभिनेता मीर सरवर, जिन्होंने इससे पहले बजरंगी भाईजान जैसी बड़ी बॉलीवुड फिल्मों में भी काम किया है। सरवर का कहना है, बनी बेहद खूबसूरत जगह है। यहां के पहाड़, झरने और लोग सबकुछ बहुत आकर्षक है। यहां के लोग काफी सहयोगी हैं और बिना किसी स्वार्थ के मदद करते हैं। फिल्म की शूटिंग से स्थानीय होटल व्यवसायियों, दुकानदारों और वाहन चालकों को भी लाभ हो रहा है, जिससे क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलने की उम्मीद है। आमिर सरवर ने यह भी सुझाव दिया कि प्रशासन को क्षेत्र की साफ-सफाई और बुनियादी सुविधाओं पर विशेष ध्यान देना चाहिए ताकि भविष्य में और भी फिल्म निर्माता यहां शूटिंग के लिए आएं। बनी में फिल्मांकन की यह शुरुआत न केवल स्थानीय प्रतिभाओं को एक नया मंच देगी, बल्कि इसे पर्यटन और फिल्म निर्माण का नया केंद्र भी बना सकती है