बनी। बनी और लोहाई मल्हार के पहाड़ी इलाकों में इस बार जून में भी सुबह और शाम को कड़ाके की ठंड का अहसास हो रहा है। तापमान गिरने से गर्मी के कपड़ों का बाजार ठंडा हो गया है।
आमतौर पर इस मौसम में लोग गर्मियों के कपड़े पहनना शुरू कर देते हैं, लेकिन यहां ठंडी हवा चलने के कारण लोग अब भी स्वेटर और गर्म कपड़े निकालने के लिए मजबूर हैं। कपड़ा व्यवसाय पर भी इसका सीधा असर पड़ा है। बाजारों में गर्मियों के कपड़े बिकने के बजाय दुकानदारों के पास गर्म कपड़े ही सजे हैं।
कपड़ा व्यापारी राकेश कुमार ने बताया कि हर साल मई-जून में हम गर्मियों के कपड़े बेचकर अच्छा मुनाफा कमाते थे, लेकिन इस बार मौसम ने सब बिगाड़ दिया। लोग गर्म कपड़े ही मांग रहे हैं। गर्मियों का माल तो स्टॉक में ही पड़ा रह गया।
कपड़ा विक्रेता नीरज शर्मा ने बताया कि मौसम का मिजाज बड़ा अजीब हो गया है। लोग अब भी स्वेटर, जैकेट और ऊनी कपड़े ही खरीद रहे हैं। गर्मियों के कपड़े का तो बाजार ही ठंडा ही पड़ा है।