अस्पताल में अल्ट्रासाउंड सुविधा शुरू करवाते विधायक दर्शन ठाकुर।
- फोटो : kathua news
कठुआ, बसोहली । उपजिला अस्पताल बसोहली पहुंचने वाले मरीजों को अब अल्ट्रासाउंड के लिए दरबदर नहीं होना होगा। अस्पताल में नवीनतम तकनीक से लैस अल्ट्रासाउंड मशीन उपलब्ध करवाए जाने के साथ ही इस सुविधा को शुरू करवा दिया गया है। विधायक ठाकुर दर्शन सिंह ने मंगलवार को इसे जनसमर्पित किया।
इससे पहले बसोहली के विधायक ठाकुर दर्शन सिंह ने उपजिला चिकित्सालय का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि अल्ट्रासाउंड करने वाले डॉक्टर तीन दिन बसोहली और तीन दिन महानपुर उपलब्ध रहेंगे। इसके लिए बाकायदा स्वास्थ्य विभाग द्वारा कागजी कार्रवाई को पूरा किया जाएगा।
ज्ञात रहे कि बीते करीब दो महीने से अस्पताल में अल्ट्रासाउंड की सुविधा बंद पड़ी थी। डॉक्टर न होने की सूरत में यह सुविधा बंद थी लेकिन अब अस्पताल में डॉक्टर भी मौजूद होगा और अल्ट्रासाउंड की मशीन भी उपलब्ध करवा दी गई है। उन्होंने बताया कि महानपुर के ट्रामा सेंटर में जो अल्ट्रासाउंड की मशीन है उसका भी शीघ्र शुभारंभ किया जाएगा। इसके लिए उच्च अधिकारियों से भी बात की गई है।
अस्पताल में मौजूद मरीजों के वार्ड में जाकर विधायक ने मरीजो का हाल जाना और यहां मिलने वाली सुविधाओं के बारे में भी पूछा। मौके पर डेंटल तक्नीशियन और महिला रोग विशेषज्ञ जल्द से जल्द उपलब्ध करवाने के लिए निदेशक से भी मौके पर ही बात भी की गई। विधायक ने बताया कि क्षेत्र में जितने भी स्वास्थ्य क्षेत्र में यहां सुविधाओं की कमी है उन्हें पूरा करने के लिए प्रयास भी किए जा रहे हैं।