कठुआ। जिले में बुनियादी ढांचे के विकास को बढ़ावा देने के लिए हायर सेकेंडरी स्कूल मल्हार में शिक्षक क्वार्टर का निर्माण जल्द शुरू होने जा रहा है। समग्र शिक्षा योजना के तहत 65.58 लाख रुपये से अगले 12 महीने में यह काम पूरा किया जाएगा।
दूर दराज इलाकों में शिक्षा के स्तर को बेहतर करने के लिए शिक्षकों की मौके पर मौजूदगी और उन्हें आने वाली दिक्कतों को दूर करने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। स्कूल में बुनियादी ढांचे के साथ ही शिक्षकों को क्वार्टर मिलने से दूर दराज के इस स्कूल में कहीं से भी शिक्षक आकर रह सकेंगे। आम तौर पर देखा गया है कि शिक्षक दूर दराज इलाकों में सुविधाओं की कमी के चलते पोस्टिंग से परहेज करते हैं या ज्वाइन ही नहीं करते। ऐसे में बच्चों की शिक्षा भी प्रभावित होती रही है। रसूखदार लोग शहरी या फिर सड़क के किनारे स्कूलों में पोस्टिंग करवाते हैं जबकि दूर दराज इलाकों में शिक्षकों के पद खाली रह जाते हैं। ऐसे में समग्र शिक्षा के तहत स्कूलों का ढांचा बढ़ाने के साथ ही सुविधाओं का भी विस्तार किया जा रहा है।