बिलावर। नगर कमेटी के वार्ड चार से सटे भीनी नाले में सोमवार की शाम को 3 संदिग्ध दिखाई देने की सूचना के बाद मंगलवार को दूसरे दिन भी सुरक्षा एजेंसियों ने इलाके को खंगाला। सीआरपीएफ और जम्मू कश्मीर पुलिस की टीमों ने भीनी नाले से सेट जंगलों और धार डूगनु में में सर्च ऑपरेशन चलाया। सर्च ऑपरेशन के दौरान संदिग्धों की तलाश के लिए ड्रोन की मदद भी ली गई और डॉग स्क्वाड की सहायता से जंगलों को खंगाला गया। मंगलवार सुबह 7:00 बजे से शुरू हुआ सर्च ऑपरेशन शाम 6:00 बजे तक जारी रहा लेकिन कोई परिणाम नहीं निकला। इलाके में आए दिन संदिग्ध दिखाई देने की सूचना के बाद लोगों ने सरकार से भीनी नाले में अलग-अलग स्थानों पर चौकियां स्थापित करने की मांग की। स्थानीय विद्यासागर, राहुल कुमार, सुशील शर्मा, अनिल कुमार और गुलशन सिंह ने कहा के 90 के दशक के दौरान भी पहाड़ी इलाकों की तरफ आने-जाने के लिए आतंकी भीनी नाला या फिर उज दरिया के रूट का इस्तेमाल करते रहे हैं। सुरक्षा बलों ने भीनी नाले से इलाके के मुख्य रास्तों को सील कर रखा है और इलाके में आने जाने वाले हर अनजान व्यक्ति पर सुरक्षा एजेंसियां पैनी नजर रखे हुए है।