कठुआ। जिले के पहाड़ी इलाकों में बने सरकारी स्कूलों की चारदीवारी के लिए शिक्षा विभाग ने रुचि दिखाई है। समग्र शिक्षा के तहत इस वित्त वर्ष में 22 स्कूलों को लिया गया है। इसमें से 18 स्कूल पहाड़ी क्षेत्र के चार शिक्षा जोन मल्हार, बनी, बसोहली और महानपुर इलाके के हैं।
सबसे ज्यादा मल्हार शिक्षा जोन के आठ स्कूलों में चारदीवारी का कार्य पूरा करवाया जाएगा। वहीं, जोन भड्डू और महानपुर के तीन-तीन स्कूलों को लिया गया है। जबकि सल्लन, बनी और बरनोटी के दो-दो स्कूलों में चारदीवारी का निर्माण कार्य करवाया जाएगा। केंद्र सरकार की समग्र शिक्षा योजना के तहत जिले के कुल 22 स्कूलों के लिए 1 करोड़ 67 लाख 20 हजार की राशि जारी की गई है। चारदीवारी का कार्य लोक निर्माण विभाग के ओर से करवाया जा रहा है। प्रत्येक स्कूल में 80 मीटर लंबी चारदीवारी का निर्माण किया जाएगा। बरनोटी शिक्षा जोन के प्राइमरी स्कूल रत्ती और प्राइमरी स्कूल पूर्वा चक को लिया गया है। भड्डू शिक्षा जोन के प्राइमरी स्कूल कंटल, गलक और मिडिल स्कूल भड्डू में चारदीवारी का निर्माण होगा। वहीं, मल्हार शिक्षा जोन में मिडिल स्कूल धनु परोल सहित सात प्राइमरी स्कूलों छाजली, अरोधा, बरनूड, पैटियन, ढक्की बग्गन, सलाह और लालोटू भटोड़ी स्कूल में निर्माण किया जाएगा। बसोहली जोन के प्राइमरी स्कूल लहराना और कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय बसोहली को चुना गया है। महानपुर जोन के मिडिल स्कूल पल्लारा, कोहर और केर को लिया गया है। वहीं, बनी जोन के मिडिल स्कूल गोवार और प्राइमरी स्कूल मिंडा पलाई और सल्लन शिक्षा जोन के मिडिल स्कूल बधौली और प्राइमरी स्कूल ढाबी में चारदीवारी का काम होगा।
कोट
स्कूलों की चारदीवारी के लिए समग्र शिक्षा के तहत राशि जारी हो चुकी है। इससे संबंधित टेंडर प्रक्रिया लोक निर्माण विभाग ने शुरू कर दी है। जल्द ही इन स्कूलों में चारदीवारी का निर्माणकार्य करवाया जाएगा।
मंगत राम शर्मा, जिला मुख्य शिक्षा अधिकारी।