कठुआ। जम्मू-कश्मीर अपनी पार्टी की ओर से वीरवार को बनी में एक जोरदार प्रदर्शन किया गया। इसकी अध्यक्षता मदनलाल ने की। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने क्षेत्र में पेश आ रही विभिन्न समस्याओं पर चर्चा की और प्रशासन से जल्द समाधान की मांग उठाई। प्रदर्शन के बाद पार्टी प्रतिनिधियों ने अपनी मांगों को लेकर एसडीएम बनी को ज्ञापन सौंपा।
इनमें गन लाइसेंस को रिन्यू किए जाने की मांग, मकान बनाने के लिए लोगों को लकड़ी दिए जाने, पीएम किसान की किस्त जारी करने सहित अन्य मांगें भी शामिल रहीं। एसडीएम ने आश्वासन दिया कि वे संबंधित विभागों से बातचीत कर इन मुद्दों के समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाएंगे। इस प्रदर्शन में ज्ञानचंद, मोहम्मद अमीन, अंजू देवी सहित कई अन्य लोग शामिल रहे। प्रदर्शनकारियों ने बिजली, पानी, सड़क, घरों के लिए लकड़ी और अन्य बुनियादी समस्याओं को हल करने की मांग की।