लखनपुर में पॉलीथिन जब्त करती नगर कमेटी की टीम
- फोटो : kathua news
कठुआ। जम्मू-कश्मीर के पहले कस्बे लखनपुर को पॉलीथिन मुक्त रखने की दिशा में कार्रवाई की गई। नगर परिषद (एमसी) लखनपुर ने सोमवार को विशेष अभियान चलाया। इस अभियान में विभिन्न दुकानों और रेहड़ियों से लगभग 7 किलो प्रतिबंधित पॉलीथिन जब्त की गई। साथ ही, नियमों का उल्लंघन करने वालों पर 26 सौ रुपये का जुर्माना भी लगाया गया।
जिला उपायुक्त कठुआ के निर्देश पर लखनपुर नगर कमेटी के कार्यकारी अधिकारी पृथ्वी राज सांगड़ा ने टीम सहित कार्रवाई सुनिश्चित की। उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान पर्यावरण और जनस्वास्थ्य की सुरक्षा सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया। नगर परिषद द्वारा निवासियों और दुकानदारों को पॉलीथिन के उपयोग के खतरों और इको-फ्रेंडली विकल्प अपनाने की आवश्यकता के बारे में जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कहा कि पर्यावरण को स्वच्छ और टिकाऊ बनाने के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता है। जनता से आग्रह किया गया है कि वे प्रतिबंधित पॉलीथिन उत्पादों का उपयोग बंद कर पर्यावरण अनुकूल आदतें अपनाएं। वहीं दाल बड़े और स्थानीय खाद्य पदार्थों की बिक्री करने वाले दुकानदारों को पॉलीथिन का प्रयोग न करने की सख्त हिदायत जारी की गई है।