कार से बरादम कैश दिखाती पुलिस।
- फोटो : udhampur
कठुआ। कठुआ को पंजाब से जोड़ने वाले कीड़िया गंडियाल मार्ग पर भागथली नाके पर पुलिस ने रविवार देर रात कार से 35 लाख रुपये बरामद किए। चालक अंधेरे का फायदा उठाकर भाग गया। कार सवार दूसरे युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने भागथली नाके पर रात करीब सवा एक बजे बिना नंबर कार को जांच के लिए रोका। चालक चकमा देकर फरार हो गया। कार में बैठे सज्जाद निवासी बाथरा सुआ, जम्मू को पुलिस ने पकड़ लिया। कार में बैग से कैश मिला। मजिस्ट्रेट को बुलाकर कैश जब्त कर लिया गया। सोमवार सुबह पुलिस थाना कठुआ में पैसों की गिनती की गई। मजिस्ट्रेट बिशन दास ने बताया कि बरामद राशि 35,08,830 रुपये है। उधर, पुलिस ने बताया कि सूचना आयकर विभाग को दे दी है ताकि पता चल सके कि पैसा किसी अवैध गतिविधि से जुड़ा तो नहीं है। फरार व्यक्ति की तलाश भी तेज कर दी है।
18 फरवरी को लखनपुर में पकड़े थे 3.36 करोड़ रुपये
सप्ताह में यह दूसरी बरामदगी है। 18 फरवरी को पुलिस ने लखनपुर कॉरिडोर पर कार से 3.36 करोड़ रुपये बरामद किए थे। पैसे दिल्ली से कश्मीर लाए जा रहे थे। पैसे कार में खास तौर पर बनाई कैविटी में छिपाकर रखे थे।